दमोह पुलिस की बड़ी सफलता, 5 माह में 208 गुम मोबाइल बरामद..
41.60 लाख रुपये के मोबाइल खोजकर लौटाए, आवेदकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान..
दमोह पुलिस ने गुम मोबाइल खोज अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 208 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 41 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
आनंद कलादगी के निर्देशन में साइबर सेल एवं जिले के सभी थानों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गुम मोबाइल से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक कुल 540 मोबाइल फोन ट्रैक कर आवेदकों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक है।
CEIR पोर्टल बना मोबाइल खोजने का प्रभावी माध्यम
दमोह पुलिस ने बताया कि गुम मोबाइल की खोज में CEIR पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपने गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज करा सकते हैं या नजदीकी थाने में आवेदन देकर शिकायत पंजीकृत करवा सकते हैं।
शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर सेल और थाना स्तर की टीम मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसकी बरामदगी सुनिश्चित करती है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को CEIR पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर सेल और थाना पुलिस का सराहनीय योगदान
इस अभियान की सफलता में साइबर सेल दमोह तथा जिले के सभी थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों ने दमोह पुलिस का आभार व्यक्त किया और अभियान की सराहना की।


More Stories
ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..