झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद किशोरी की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम..
पोस्टमार्टम में देरी से नाराज परिजनों ने हटा मार्ग पर रखा शव..
दमोह। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए पटेरा-हटा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार महेवा गांव निवासी 17 वर्षीय रिंकी वर्मन की मंगलवार शाम तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने उसे बमनपुरा क्षेत्र के एक निजी चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले गए। इलाज के बाद घर पहुंचने पर उसकी हालत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि रात में शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया था, लेकिन बुधवार सुबह निर्धारित समय पर पोस्टमार्टम नहीं होने से वे नाराज हो गए। इसके विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने पटेरा में हटा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर धर्मेंद्र गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए और जाम समाप्त कराया गया।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि चिकित्सकों की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..