औचक निरीक्षण में एसडीएम समेत 24 कर्मचारी अनुपस्थित, कलेक्टर ने जारी किए नोटिस..
आमजन के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश..
दमोह। प्रताप नारायण यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय दमोह, तहसील कार्यालय दमयंती नगर और जनपद पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित कुल 24 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर यादव ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन के कार्यों का समय पर निराकरण हो सके और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनपद पंचायत में 14 कर्मचारी गैरहाजिर
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कार्यालय में 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
‘सार्थक ऐप’ से होगी कर्मचारियों की निगरानी
कलेक्टर यादव ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों और अनुभाग स्तर के कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए ‘सार्थक ऐप’ को अनिवार्य रूप से लागू किया गया है। अब सभी कर्मचारी प्रतिदिन ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करेंगे, जिससे नियमित मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी।


More Stories
दिव्यांगों को बड़ी राहत, मदिरा दुकानों पर कड़ी कार्रवाई; कलेक्टर यादव के दो अहम फैसले..
दमोह में बड़ा खुलासा: बिना एक्सप्लोसिव लाइसेंस चल रहे थे 33 पेट्रोल पंप, 4 सील..
दमोह को ड्रग फ्री बनाने की मुहिम तेज, 15 जुलाई से शुरू होगा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान..