मलेशिया कराटे चैंपियनशिप में दमोह की बिटिया नियती दीक्षित का जलवा, जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल..
अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया जिले का परचम, कलेक्टर यादव ने दी शुभकामनाएं..
दमोह। जिले के ग्राम सकोर की होनहार बेटी और कक्षा 8वीं की छात्रा नियती दीक्षित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर दमोह का नाम रोशन किया है। नियती ने 09 मई 2026 को आयोजित इंटरनेशनल मलेशिया कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 आयु वर्ग में गोल्ड एवं सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
10 देशों की सहभागिता वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे कड़े मुकाबलों के बीच नियती ने आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और दो पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।
नियती की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण अंचलों की बेटियां भी अवसर और मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना सकती हैं। कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करती है। खेल के प्रति समर्पण, नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
नियती की इस उपलब्धि को जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों और शिक्षकों का कहना है कि उनकी सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
मलेशिया से लौटने के बाद नियती दीक्षित ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर श्री यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि जिले की बेटियां लगातार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने नियती के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है।
कलेक्टर श्री यादव ने विश्वास जताया कि नियती भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई सफलताएं हासिल करेंगी तथा जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। नियती की इस सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..