पटेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो गांजा सहित ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार..

Spread the love

पटेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो गांजा सहित ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार..


दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 किलो अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी..


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पटेरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर क्षेत्र में आए हुए हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 3 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।


ओडिशा निवासी निकले आरोपी..


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर बेहरा (40 वर्ष) पिता उपेंद्र बेहरा निवासी गोविंदपुर, थाना रेडखोल, जिला संभलपुर (ओडिशा) तथा सुदर्शन सिंह हरिजन (42 वर्ष) पिता इंद्रो सिंह निवासी बागमरे, थाना बीएमपुर, जिला सोनपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा जब्त कर उनके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


गांजा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस..


पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए गांजे के स्रोत तथा इसके संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका..


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पटेरा उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक बलदेव प्रसाद अहिरवार, सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश (787), आरक्षक बृजेश अठ्या (788), आरक्षक सुरेश लोधी (303) तथा साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।

About The Author