विरागोदय जैन तीर्थ में लाखों की चोरी, मंदिर के ताले तोड़कर दानपात्र ले गए बदमाश..
दमोह/पथरिया। जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ विरागोदय तीर्थ धर्मधाम, पथरिया में अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर के ताले तोड़कर लाखों रुपये की दानराशि पर हाथ साफ कर दिया। घटना से जैन समाज और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश एवं चिंता व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में मंदिर को बनाया निशाना..
जानकारी के अनुसार 21-22 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे और जिनालय के ताले तोड़ दिए। इसके बाद बदमाश मंदिर में रखे तीन गुप्त दानपात्र (गुल्लक) उठाकर ले गए। चोरों ने मंदिर परिसर की बाउंड्री के बाहर दानपात्रों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी निकाल ली और खाली दानपात्र वहीं छोड़कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि इन दानपात्रों को पिछले लगभग सात माह से नहीं खोला गया था, जिसके चलते उनमें लाखों रुपये की दानराशि होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सुबह खुला चोरी का राज..
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे मंदिर का माली और श्रद्धालु जब पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर के टूटे हुए ताले देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो दानपात्र भी गायब थे। इसके बाद तत्काल मंदिर समिति के पदाधिकारियों, प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पथरिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला..
पुलिस थाना पथरिया में इस मामले में अपराध क्रमांक 0234/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं में आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग..
घटना के बाद जैन समाज, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों में नाराजगी है। सभी ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गई राशि की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसडीओपी ने दिया शीघ्र खुलासे का भरोसा..
एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी ने बताया कि मामले की सघन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..
सत्ता में रहकर शासन के खिलाफ बोलना साहस की बात, भ्रष्टाचार उजागर करें पूर्व मंत्री-विधायक : नितिन मिश्रा..