बड़ा बाजार में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक
शॉर्ट सर्किट से लगी आग पर 4 घंटे बाद पाया गया काबू, लाखों का नुकसान
हटा के बड़ा बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 6 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और किराना, कपड़ा तथा जूते की तीन दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। घटना में व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सबसे पहले दुकानों से उठती आग की लपटें देखीं। उन्होंने तत्काल सीएमओ राजेंद्र खरे को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
स्थानीय लोगों ने शुरुआती दौर में अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर गया। आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से दुकानों के छप्पर तोड़े गए और शटर निकाले गए। इस दौरान आग और अधिक भड़क उठी।
करीब 10 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने लगातार चार घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


More Stories
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..
सत्ता में रहकर शासन के खिलाफ बोलना साहस की बात, भ्रष्टाचार उजागर करें पूर्व मंत्री-विधायक : नितिन मिश्रा..
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..