हटा थाना में जनसुनवाई, एसपी आनंद कलादगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं..एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश..

Spread the love

हटा थाना में जनसुनवाई, एसपी आनंद कलादगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं..


50 से अधिक शिकायतों पर हुई सुनवाई, कई मामलों का मौके पर निराकरण..


हटा। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को हटा पुलिस थाना परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने स्वयं उपस्थित होकर हटा अनुविभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


सुबह 11 बजे से शुरू हुई जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, लंबित एफआईआर, मारपीट, राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
पति की मौत के मामले में न्याय की गुहार
जनसुनवाई में शिवपुर गांव निवासी सरस्वती पटेल ने आवेदन देकर बताया कि रनेह थाना क्षेत्र में बिजली लाइन पर कार्य करते समय उनके पति की मौत हो गई थी, लेकिन अब तक न तो किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई हुई और न ही बिजली विभाग की ओर से कोई सहायता प्रदान की गई। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


शिक्षकों ने उठाया शराबखोरी का मुद्दा..


नगर के शिक्षकों ने सामूहिक रूप से आवेदन सौंपकर शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास शराबखोरी पर रोक लगाने तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास असामाजिक गतिविधियों से विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए इस दिशा में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।


जमीन से जुड़े मामले की जांच की मांग..


पुरैना कांटी निवासी अहमद खान ने शिकायत करते हुए बताया कि उनकी स्वामित्व वाली भूमि से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम से क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
गैसाबाद थाना क्षेत्र से जुड़ी शिकायतें रहीं प्रमुख
जनसुनवाई के दौरान गैसाबाद थाना क्षेत्र से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। एक आउटसोर्स बिजली कर्मचारी ने अपने साथ हुई मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।


इसके अलावा गैसाबाद थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था, पुलिस की कार्यशैली और शिकायतों के निराकरण को लेकर भी कई आवेदकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। हटा अनुविभाग के अन्य थाना क्षेत्रों की तुलना में गैसाबाद थाना से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक रहने से क्षेत्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।


15 दिनों तक होगी मॉनिटरिंग..


जनसुनवाई के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि यह कार्यक्रम पुलिस विभाग की नवाचार पहल के तहत आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि करीब 50 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें पुरानी एफआईआर, जमीनी विवाद, मारपीट और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया है, जबकि शेष मामलों की आगामी 15 दिनों तक लगातार मॉनिटरिंग कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई के दौरान थानों में महिला विवेचक की कमी, स्टाफ की उपलब्धता और पुलिस व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई है।


अधिकारी और पुलिस स्टाफ रहे मौजूद..


कार्यक्रम में एसडीओपी सौरभ त्रिपाठी, शिकायत शाखा प्रभारी अंजली अग्निहोत्री, थाना प्रभारी सुधीर बेगी सहित हटा अनुविभाग के विभिन्न थानों का पुलिस बल और अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे फरियादियों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।

एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश..

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे फरियादी, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश..

दमोह। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने जिले भर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, साइबर अपराध, मारपीट एवं अन्य शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

एएसपी भदोरिया ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आमजन की समस्याओं के समाधान को दी प्राथमिकता..

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान पुलिस विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी..

जनसुनवाई के दौरान एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी, महिला थाना प्रभारी फेमिदा खान, साइबर सेल के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों से आवेदन प्राप्त कर संबंधित मामलों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराई।

थाना प्रभारियों को दिए निर्देश..

एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्रदान कर रही है, जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन रही है।

About The Author