शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, न्यायालय ने लगाया 26 हजार रुपये का जुर्माना..
हिण्डोरिया पुलिस की वाहन चेकिंग कार्रवाई, दो बाइक चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज..
दमोह। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिण्डोरिया पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए। मामले को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद दोनों आरोपियों पर कुल 26 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में जिलेभर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना हिण्डोरिया पुलिस द्वारा दमोह-पटेरा मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
ब्रीथ एनालाइजर जांच में हुई पुष्टि..
चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग दोपहिया वाहन चालक संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पुलिस ने दोनों चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें दोनों के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक MP-22-MJ-5190 तथा एक बिना नंबर की पल्सर बाइक को जब्त कर लिया। दोनों चालकों के खिलाफ थाना हिण्डोरिया में धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
न्यायालय ने लगाया जुर्माना..
कार्रवाई के बाद दोनों प्रकरणों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने एक आरोपी पर 15,500 रुपये तथा दूसरे आरोपी पर 10,500 रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार दोनों मामलों में कुल 26 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
सड़क सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान..
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं, ताकि स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा बनी रहे।


More Stories
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
दमोह पुलिस की रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त, 62 वारंट तामील, 18 आबकारी प्रकरण दर्ज..
दमोह पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार..