रातभर चली दमोह पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 64 वारंट तामील, इनामी आरोपी गिरफ्तार..
दमोह। जिले में अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ दमोह पुलिस ने सोमवार देर रात व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं सीएसपी एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 27 स्थायी वारंट, 37 गिरफ्तारी वारंट, 4 जमानती वारंट और 9 समंस तामील किए। वहीं पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब पिछले आठ माह से फरार चल रहे एक हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय 63 गुंडा बदमाशों और 37 निगरानी बदमाशों की जांच-पड़ताल की। साथ ही अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 28 प्रकरण तथा आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फरार आरोपियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएं।
दमोह पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी समय-समय पर विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं अभियान चलाए जाएं, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..