पदभार संभालते ही एक्शन में आईं टीआई नेहा गोस्वामी, पैदल घूमकर लिया नगर का जायजा
कानून व्यवस्था होगी मजबूत: टीआई नेहा गोस्वामी ने पहले दिन ही दिखाई सक्रियता
दमोह/पथरिया। पथरिया थाना की नवागत थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने पदभार ग्रहण करते ही नगर में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त तेवर दिखाए। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे थाना पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला और इसके तुरंत बाद थाना परिसर का निरीक्षण कर पुलिस स्टाफ से क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद थाना प्रभारी गोस्वामी ने नगर में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजार, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करते हुए नागरिकों से कानून का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश..
नगर भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी ने यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर नाराजगी जताई तथा लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अराजकता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने व्यापारियों को दी चेतावनी..
मुख्य बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने सड़क तक सामान रखकर अतिक्रमण किया गया है। थाना प्रभारी ने व्यापारियों को समझाइश देते हुए कहा कि वे स्वेच्छा से अपना सामान पीछे करें और सड़क को बाधामुक्त रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझाइश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जमावड़े पर जताई सख्ती..
पैदल भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित टपरियों और सार्वजनिक स्थानों पर भी पहुंचीं। यहां बिना किसी काम के घंटों तक बैठे रहने वाले लोगों को उन्होंने हिदायत दी कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ा न लगाएं। साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वीरागोदय मंदिर चोरी मामले में जल्द खुलासे के संकेत..
हाल ही में वीरागोदय मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर भी थाना प्रभारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने मामले की जांच में तेजी लाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
अवैध गतिविधियों पर रहेगी विशेष नजर..
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नगर में अवैध शराब कारोबार, सट्टा, गुंडागर्दी, दबंगई और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पदभार ग्रहण के पहले ही दिन सक्रियता दिखाते हुए थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने यह संकेत दे दिया है कि पथरिया में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अब अधिक सतर्क और सख्त नजर आने वाली है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..