8 माह से पेंशन से वंचित वृद्धजनों के लिए प्रशासन का विशेष अभियान, 771 की ई-केवाईसी पूरी..
दमोह। जिले में वृद्धजनों को उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान’ लगातार गति पकड़ रहा है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि जिले के कई पात्र वृद्धजन पिछले आठ माह से पेंशन लाभ से वंचित थे। ऐसे हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान करने और उनकी पेंशन पुनः शुरू कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, जो 10 जून तक जारी रहेगा।
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि अभियान के तहत आधार केंद्र प्रभारी, ग्राम पंचायत सचिव और नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारी घर-घर पहुंचकर वृद्धजनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र वृद्धजन की पेंशन तकनीकी कारणों से न रुके और उन्हें समय पर लाभ मिल सके।
ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क..
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी के लिए किसी भी वृद्धजन से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। आधार केंद्र प्रभारियों द्वारा ली जाने वाली फीस का भुगतान जिला प्रशासन स्वयं करेगा। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है।
अब तक 771 मामलों में कार्रवाई पूरी..
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत अब तक 771 वृद्धजनों की ई-केवाईसी एवं पेंशन स्वीकृति संबंधी कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है। जिले में करीब 1600 लंबित प्रकरण हैं, जिनका निराकरण अभियान की अवधि में करने का लक्ष्य रखा गया है।
42 आधार केंद्र और 440 पंचायतों में चल रहा कार्य..
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि जिले में केवल 42 आधार केंद्र प्रभारी हैं, जबकि 440 ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में यह कार्य किया जाना है। इसी वजह से अभियान को 10 जून तक संचालित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र वृद्धजन लाभ से वंचित न रह जाए।
बाहर रहने वाले वृद्धजनों से भी किया जा रहा संपर्क..
प्रशासन द्वारा उन वृद्धजनों से भी संपर्क किया जा रहा है जो वर्तमान में अपने गांव से बाहर रह रहे हैं। उन्हें वर्तमान स्थान पर ही ई-केवाईसी कराने अथवा गांव लौटकर प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे उनकी पेंशन जल्द शुरू हो सके।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। प्रशासन उनकी सेवा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है तथा भविष्य में भी वृद्धजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
तीन दिन में दूर हों जल आपूर्ति की सभी समस्याएं, हर घर तक पहुंचे पानी: कलेक्टर यादव..
दमोह। जिले में पेयजल संकट और अनियमित जल आपूर्ति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर कर प्रत्येक परिवार तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिवों, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगर निकायों के सीएमओ के साथ जिले की जल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन का आधार है और प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान जल संकट एवं अनियमित जल सप्लाई की अनेक शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है।
40 गांवों में गंभीर जल समस्या चिन्हित
समीक्षा के दौरान जिले के सभी गांवों की जल आपूर्ति व्यवस्था का आकलन किया गया। इस दौरान 40 ऐसे गांव चिन्हित किए गए, जहां पेयजल संबंधी समस्याएं गंभीर रूप से सामने आई हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन गांवों में तत्काल सुधार कार्य शुरू कर तीन दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि संयुक्त टीमों का गठन कर गांव-गांव भ्रमण कराया जाएगा, जो जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराएंगी। मंगलवार से विशेष अभियान चलाकर इन क्षेत्रों में स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी।
जिला पंचायत में बनाया गया कंट्रोल रूम
जल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला पंचायत कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से नागरिकों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर निराकरण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि जल आपूर्ति संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कई स्थानों पर टंकियां नहीं भर रहीं, प्रेशर भी कम
कलेक्टर श्री यादव ने समीक्षा के दौरान पाया कि जल निगम की कई योजनाओं में पानी की टंकियां पूरी तरह नहीं भर रही हैं तथा कई क्षेत्रों में पर्याप्त प्रेशर से जल आपूर्ति नहीं हो रही है। कुछ मोहल्लों में अब तक नियमित सप्लाई भी शुरू नहीं हो सकी है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तकनीकी और व्यवस्थागत कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण में सहयोग की अपील
कलेक्टर ने नागरिकों से भी जल संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की प्रत्येक बूंद अमूल्य है और इसका उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही किया जाना चाहिए। अनावश्यक जल बर्बादी से अन्य परिवारों को पानी मिलने में कठिनाई होती है, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ जल का उपयोग करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक घर तक सुगम, नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



More Stories
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, नाराज नागरिक पहुंचे विद्युत मंडल कार्यालय..
सीएम हेल्पलाइन निराकरण में दमोह को मिला ए-ग्रेड, जिले के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन..गंगा दशहरा पर बेलाताल में श्रमदान, जल संरक्षण का लिया संकल्प..