हटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी लोन और ट्रक धोखाधड़ी गिरोह के आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
हटा। दमोह जिले की हटा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक लोन लेने वाले गिरोह के एक आरोपी, फर्जी कागजात से ट्रक खरीदकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य तथा हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना हटा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
फर्जी दस्तावेज से 5.30 लाख का केसीसी लोन..
पहले मामले में ग्राम रसुईया निवासी गणेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कृषि भूमि के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी बनवाकर यूनियन बैंक हटा शाखा से 5 लाख 30 हजार रुपये का केसीसी लोन निकाल लिया। शिकायत की जांच सही पाए जाने पर थाना हटा में वर्ष 2023 में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों में लगी फोटो के आधार पर आरोपी अमर सिंह लोधी निवासी ग्राम बिछुआ थाना पटेरा को पीथमपुर जिला धार से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन निकालना स्वीकार किया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
फर्जी कागजात से खरीदा ट्रक, फिर दूसरे को बेच दिया..
दूसरे मामले में खिमलासा जिला सागर निवासी संतोष पटैरया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपना 14 चक्का ट्रक 13 लाख 78 हजार रुपये में कुछ लोगों को बेचा था। आरोपियों ने केवल 2 लाख 35 हजार रुपये नकद दिए और बाकी रकम बाद में देने की बात कहकर ट्रक लेकर फरार हो गए।
जांच में आरोपियों द्वारा दिए गए आधार कार्ड और पते फर्जी पाए गए। इस मामले में थाना हटा में वर्ष 2025 में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोन्टी उर्फ शाहबाज खान निवासी जहांगीराबाद भोपाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ट्रक खरीदकर उसे दोबारा बेचने की बात कबूल की। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हत्या के प्रयास मामले में फरार आरोपी दबोचा..
तीसरे मामले में जनवरी 2026 में कांटी बस स्टैंड पर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने फरार आरोपी अवधेश गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। मड़ियादौ निवासी संजल अग्रवाल की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में आरोप था कि बस स्टैंड पर विवाद के दौरान शिवम नोगरिया के साथ लोहे के लीवर, व्हील पाना और डंडों से हमला किया गया था, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं।
जांच के दौरान चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आरोपी अवधेश गोस्वामी निवासी जिला छतरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों और संगठित धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया।
जबेरा पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के आरोपी को किया गिरफ्तार, पीड़िता जबलपुर से बरामद..
जबेरा। थाना जबेरा पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में पुलिस ने अपहृत बालिका को जबलपुर से दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना जबेरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना जबेरा में अपराध क्रमांक 148/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की और उसी दिन नाबालिग को जबलपुर से बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं उसके माता-पिता के बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए।जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में धारा 74, 78, 96, 351(3) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 का इजाफा किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भूरा उर्फ आकाश घोषी पिता भानसिंह घोषी, उम्र 25 वर्ष निवासी धनगर मोहल्ला जबेरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक प्रेमदास बैरागी, सतीश नामदेव, देवेंद्र रैकवार, आरक्षक विवेक कटारे एवं चालक आरक्षक प्रमोद बेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..