राम नाम जीवन को पवित्र बनाने वाला महामंत्र : उमाशंकर शास्त्री
नोहटा। दमोह जिले की जबेरा विधानसभा अंतर्गत नोहटा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर कथा व्यास भगवत आचार्य उमाशंकर शास्त्री ने श्रद्धालुओं को राम नाम की महिमा का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का नाम केवल एक शब्द नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन को पवित्र और कल्याणकारी बनाने वाला महामंत्र है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन और श्रद्धा के साथ “राम” नाम का स्मरण करने से मनुष्य के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और उसे भवसागर से मुक्ति प्राप्त होती है।
कथा व्यास ने कहा कि राम नाम में ऐसी दिव्य शक्ति है जो मनुष्य के मन, वचन और कर्म को शुद्ध कर उसे धर्म और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करती है। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, करुणा और भक्तों के प्रति उनके प्रेम का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य तनाव, चिंता और मोह-माया में उलझा हुआ है, लेकिन यदि वह राम नाम का आश्रय ले ले तो उसके जीवन में शांति, सुख और आत्मिक आनंद का संचार होने लगता है।
नोहटा में आयोजित यह श्रीमद्भागवत कथा प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के परिवार द्वारा आयोजित की जा रही है। आयोजन मंत्री जी के चाचा स्वर्गीय रूप सिंह, दादा स्वर्गीय हजारी सिंह तथा दादी स्वर्गीय मथुरा बाई की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। भक्ति संगीत, भजन और भगवान की महिमा से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
कथा के मुख्य यजमान के रूप में अवधेश सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ श्रद्धाभाव से कथा का श्रवण कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
कथा के दौरान पंडित उमाशंकर शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सदाचार और मानवता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, सेवा, संस्कार और सत्संग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ईश्वर भक्ति के साथ-साथ माता-पिता, गुरुजनों और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..