वैवाहिक वर्षगांठ पर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सपत्नीक किया भगवान शिव का अभिषेक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा कथा पंडाल
सत्संग और धर्मग्रंथ जीवन को देते हैं सही दिशा : उमाशंकर शास्त्री

दमोह/नोहटा। नोहटा नगर में प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर धर्मपत्नी एवं परिवारजनों के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं अभिषेक कर क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

यह श्रीमद्भागवत कथा मंत्री लोधी के पूज्य चाचा स्वर्गीय रूप सिंह जी, दादा स्वर्गीय हजारी सिंह जी एवं दादी स्वर्गीय श्रीमती मथुरा बाई जी की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है। वृंदावन धाम के प्रसिद्ध भगवताचार्य पंडित उमाशंकर शास्त्री कथा का वाचन कर रहे हैं।
सत्संग और अच्छे साहित्य का महत्व बताया..
कथा व्यास पंडित उमाशंकर शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मनुष्य को अच्छे लोगों का संग न मिले तो उसे अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए। जैसे सत्संग मनुष्य के जीवन को निर्मल और पवित्र बनाता है, वैसे ही श्रेष्ठ साहित्य आत्मा को शुद्ध करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि धर्मग्रंथों का अध्ययन मनुष्य को सही दिशा प्रदान करता है और जीवन में सकारात्मकता लाता है।

श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग पर भक्तिमय हुआ पंडाल..
कथा के दौरान पंडित शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग भावपूर्ण ढंग से सुनाया। उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़े, तब-तब भगवान ने अवतार लेकर धर्म की रक्षा की। मथुरा में कंस के अत्याचारों से व्यथित धरती की पुकार पर भगवान नारायण ने देवकी के गर्भ से श्रीकृष्ण के रूप में जन्म लेकर अधर्म का अंत किया।

जैसे ही कथा में श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते भगवान के जन्मोत्सव की खुशियां मनाने लगे। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।
भागवत कथा को जीवन में उतारने का संदेश..
कथा व्यास ने कहा कि भागवत कथा सुनना मनुष्य का सौभाग्य है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब व्यक्ति कथा के संदेशों को अपने जीवन में अपनाए और परमार्थ के कार्यों में सहभागी बने। उन्होंने श्रीराम कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम ने मर्यादा पुरुषोत्तम बनकर समाज को आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया और पृथ्वी को भयमुक्त किया।
शिवलिंग निर्माण और पूजन में उमड़ी श्रद्धा..
कथा आयोजन के साथ प्रतिदिन प्रातःकाल शिवलिंग निर्माण का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शंकर का पूजन कर रहे हैं। इसी क्रम में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपनी धर्मपत्नी के साथ भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भजन, कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा हुआ है।



More Stories
श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा भक्ति और रामराज्य का संदेश, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने दिलाया नशामुक्ति का संकल्प..
राम नाम जीवन को पवित्र बनाने वाला महामंत्र : उमाशंकर शास्त्री..
श्री जटाशंकर धाम में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण महाअभियान का शुभारंभ..