दमोह के टोपी लाइन में पत्रकार से मारपीट का आरोप, शिकायत के बाद दो लोग हिरासत में..
दमोह। शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र टोपी लाइन में एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, वहीं स्थानीय पत्रकारों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दो लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार अनुराग बजाज ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि टोपी लाइन क्षेत्र में उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रार्थी को चिकित्सीय परीक्षण (एमएलसी) के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि आरोपी नदीम सौदागर द्वारा शासकीय भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है, जिसकी शिकायत उन्होंने प्रशासन से की थी। इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था। पत्रकार का आरोप है कि इन्हीं बातों से नाराज होकर आरोपी पक्ष ने उन्हें बुलाया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष के पास अवैध रूप से हथियार मौजूद थे और विवाद के दौरान हथियार का उपयोग कर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पत्रकार और उनका परिवार भी टोपी लाइन क्षेत्र में व्यापार से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच पूर्व से लेनदेन संबंधी विवाद और रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते यह विवाद सामने आया।
घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों में आक्रोश देखा गया। पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि प्रार्थी अनुराग बजाज की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद था। पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..