पथरिया में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ने के बावजूद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल..
पथरिया। नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तो हुई, लेकिन इस मामले ने पथरिया पुलिस की निगरानी और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा पथरिया के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पकड़ी गई शराब में अंग्रेजी शराब की 94 कैन, 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर और मैकडॉवेल्स नंबर-1 रिजर्व व्हिस्की की 48 पाव शामिल थीं, कुल 55 लीटर 640 एमएल। आरोपी लक्ष्मण आदिवासी को पकड़ा गया, लेकिन उसका साथी राजेंद्र लोधी मौके से फरार होने में सफल रहा। यह कार्रवाई 29 मई 2026 को दोपहर 3 बजे पथरिया की पुरानी रेलवे पुलिया के पास स्थित पेट्रोल पंप के पीछे हुई। पथरिया क्षेत्र अवैध शराब के गढ़ के रूप में जाना जाता है। इससे पहले यहां अवैध शराब की बड़ी-बड़ी गाड़ियों को जब्त किया जा चुका है, यहां अवैध शराब की फैक्ट्री संचालित होने की भी जानकारी वायरल हो चुकी है, लेकिन फिर भी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति लगातार जारी है। इतनी बड़ी विफलताओं के बीच पहले के थाना प्रभारी अमित मिश्रा को नशा और अवैध शराब के मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने के चलते हटा दिया गया था। अब नवागत थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी यहां के थाना की कमान संभाल रही हैं, लेकिन सवाल उठते हैं कि क्या वह भी इसी चुनौतीपूर्ण माहौल में प्रभावी निगरानी और कार्रवाई कर पाएंगी। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि पथरिया में शासन द्वारा अधिकृत शराब दुकानें संचालित हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों से अवैध शराब नगर तक कैसे पहुँच रही है। लगातार उठ रहे इन सवालों से यह साफ हो गया है कि पुलिस की नियमित निगरानी और प्रभावी चेकिंग व्यवस्था फिलहाल सिर्फ नाम की है। किन्द्रहो क्षेत्र से शराब परिवहन की जानकारी मिलने के बाद बीट स्तर की निगरानी की अक्षमता भी उजागर हो गई है। यह मामला स्थानीय पुलिस तंत्र की धीमी प्रतिक्रिया और सूचनाओं के प्रवाह में बड़ी खामी को भी सामने ला रहा है। क्षेत्रवासी उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस इस मामले की गहन जांच कर अवैध शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचेगी, नहीं तो यह सिर्फ एक बार की कार्रवाई बनकर रह जाएगी।
पथरिया में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ने के बावजूद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल..



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..