मांस के अवशेष लेकर कोतवाली पहुंचे हिंदू संगठन, गौहत्या की आशंका जताकर जांच की मांग
मांस के अवशेष लेकर कोतवाली पहुंचे हिंदू संगठन, गौहत्या की आशंका पर जांच की मांग
ईद के बाद मांस को लेकर विवाद, पुलिस ने नमूने जब्त कर शुरू की जांच
दमोह। शहर में गौहत्या की आशंका को लेकर रविवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मांस के अवशेष पुलिस को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार धर्मपुरा निवासी ऑटो चालक लकी अहिरवार ने ईद के अवसर पर मांस खरीदा था। लकी अहिरवार का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसे मांस के गौवंशीय होने की आशंका हुई। इसके बाद वह मांस विक्रेता के पास इसे वापस करने पहुंचा, जहां कथित रूप से विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलने पर विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने ईद के दूसरे दिन गौहत्या की आशंका जताते हुए प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि प्रतिबंधित पशु का मांस पाए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मामले में सीएसपी ने बताया कि लकी अहिरवार द्वारा शिकायत की गई है कि उसने एक व्यक्ति से मांस खरीदा था, जिसके संबंध में संदेह व्यक्त किया गया है। पुलिस ने मांस के अवशेष अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी श्री पांडे ने बताया कि पशु चिकित्सक को बुलाया गया है तथा मांस के नमूनों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..