भीषण गर्मी में बिजली संकट से परेशान ग्वारी के रहवासी पहुंचे बिजली दफ्तर, ट्रांसफार्मर लगाने की मांग पर अड़े..
दमोह। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान शहर से लगे ग्वारी क्षेत्र के रहवासी शुक्रवार को बड़ी संख्या में बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए। वार्डवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान करने और क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति प्रभावित है, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध एवं डायरेक्ट बिजली कनेक्शन संचालित हो रहे हैं, जबकि वैध कनेक्शन और मीटरधारी उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मांग की कि विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करें, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कुछ बिजली कर्मचारी नियमों के विपरीत तरीके से कनेक्शन उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि क्षेत्र की मूल समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। रहवासियों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने या नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सुधार कार्यों के नाम पर कर्मचारियों द्वारा अनावश्यक धनराशि की मांग की जाती है, जिससे आम उपभोक्ता और अधिक परेशान हो रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले में बिजली विभाग की एई सरिता रावत ने बताया कि ग्वारी क्षेत्र की समस्या उनके संज्ञान में है और एक-दो दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा। वहीं जब रहवासियों ने तत्काल ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन देने की बात कही, तब एई ने आश्वासन दिया कि ट्रांसफार्मर शुक्रवार शाम तक रखवा दिया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक ग्वारी क्षेत्र के कई रहवासी बिजली कार्यालय में ही डटे हुए थे और ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन या समाधान नहीं मिलेगा, तब तक वे कार्यालय से नहीं जाएंगे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..