हिण्डोरिया पुलिस की पहल से महाराष्ट्र में फंसे 23 मजदूर सकुशल लौटे, ग्रामीणों ने जताया आभार
दमोह। हिण्डोरिया थाना पुलिस की सक्रियता और त्वरित प्रयासों से महाराष्ट्र में फंसे 23 मजदूरों को सकुशल उनके गृहग्राम वापस लाया गया। पुलिस की इस मानवीय पहल की ग्रामीणों और मजदूरों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी हटा सुश्री प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में हिण्डोरिया थाना पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को ग्राम नोनपानी के समाजसेवियों द्वारा हिण्डोरिया पुलिस को सूचना दी गई थी कि गांव के 23 मजदूर मजदूरी के लिए महाराष्ट्र के सांगली जिले गए हुए हैं, लेकिन उन्हें वापस नहीं आने दिया जा रहा है। मजदूरों को न तो कोई काम दिया जा रहा था और न ही उन्हें घर लौटने की अनुमति मिल रही थी, जिससे वे परेशान थे।
सूचना मिलने के बाद हिण्डोरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजदूरों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए और उनसे सीधे संपर्क स्थापित किया। बातचीत के दौरान मजदूरों ने अपनी परेशानी बताई और सूचना को सही बताया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के सांगली जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों से संपर्क कर मजदूरों के ठिकाने और संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी जुटाई। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से विशेष प्रयास किए गए और सभी मजदूरों को वहां से मुक्त कराया गया।
पुलिस की पहल के परिणामस्वरूप सभी 23 मजदूर सुरक्षित रूप से अपने गृहग्राम नोनपानी, थाना हिण्डोरिया वापस लौट आए। गांव पहुंचने पर मजदूरों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखा गया।
ग्रामीणों एवं मजदूरों ने हिण्डोरिया पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो उन्हें और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..