कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..

Spread the love


कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..


नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई, वाहन चालकों को बांटे हेलमेट और दिया जागरूकता का संदेश..


दमोह। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा मंगलवार को विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी स्वयं शहर के सबसे व्यस्त कोतवाली चौराहे (कीर्ति स्तंभ) पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए वाहन चेकिंग अभियान में भाग लिया।


अभियान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह मार्को सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।


पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, सीट बेल्ट का उपयोग न करने वाले वाहन चालकों, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।


चेकिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने स्वयं वाहन चालकों से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं। यदि नागरिक नियमों का पालन करेंगे तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।


अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए और हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट जीवन रक्षक साबित हो सकता है, इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय इसका उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।


कोतवाली चौराहे पर एसपी की मौजूदगी से वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर गंभीरता दिखाई दी। कई नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित होने चाहिए, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बन सके।


दमोह पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author