लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
दमोह। जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुहर्रा में एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित किसान ने दमोह तहसीलदार एवं हिंडोरिया थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
धर्मपुरा निवासी किसान श्यामसुंदर अवस्थी ने आरोप लगाया है कि ग्राम लुहर्रा स्थित उनकी भूमि, खसरा क्रमांक 231, रकबा 0.88 हेक्टेयर पर पिछले करीब चार वर्षों से महेंद्र रजक द्वारा लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। किसान का कहना है कि उक्त भूमि के समीप जियो पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है और इसी दौरान उनकी जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने पूर्व में भी तहसील कार्यालय में आवेदन देकर सीमांकन कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। उनका आरोप है कि सीमांकन के दौरान लगाए गए चिन्हों को भी मिटा दिया गया और शासकीय नक्शे की अनदेखी कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
किसान श्यामसुंदर अवस्थी ने बताया कि पूर्व में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से भूमि पर पिलर निर्माण सहित अन्य कार्य जारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वे अपनी जमीन पर जाते हैं, तो उन्हें रोकने और विवाद की स्थिति बनाने का प्रयास किया जाता है।
पीड़ित ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार मानसिक रूप से परेशान है। इसी को लेकर उन्होंने हिंडोरिया थाना प्रभारी को भी आवेदन देकर सुरक्षा एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



More Stories
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..
सड़क निर्माण कार्य के दौरान डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार..