संदिग्ध मौत पर बवाल: युवक का शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, हत्या का मामला दर्ज..

Spread the love

संदिग्ध मौत पर बवाल: युवक का शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, हत्या का मामला दर्ज..


दमोह/बटियागढ़। जिले के बटियागढ़ विकासखंड अंतर्गत बरी गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हटा-छतरपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।


जानकारी के अनुसार बरी गांव निवासी ब्रजेश यादव का गांव के ही देवा बंजारा की आटा चक्की पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर रजपुरा थाना पहुंचे थे।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने ब्रजेश यादव को थाने में बैठा लिया था। बाद में परिजनों के हस्तक्षेप के बाद उसे छोड़ा गया। परिजनों का कहना है कि उसी रात देवा बंजारा, रज्जो बंजारा सहित 8 से 10 लोग उनके घर पहुंचे और ब्रजेश के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में युवक के नाक, गले और कमर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ गई और रात में उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने और मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। इसी के विरोध में शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने बरी गांव में शव रखकर हटा-छतरपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


हत्या का मामला दर्ज, एक आरोपी हिरासत में..


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि युवक की मौत के मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा एक आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है। उन्होंने कहा कि रजपुरा पुलिस की भूमिका और कथित लापरवाही की भी जांच कराई जाएगी।


“हत्या के मामले का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है। रजपुरा पुलिस द्वारा यदि किसी प्रकार की लापरवाही की गई है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी।”
— सुजीत सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, दमोह

About The Author