पथरिया बनेगी प्रदेश की पहली 100 फीसदी सिंचित विधानसभा: राज्यमंत्री लखन पटेल..
ग्राम केरबना में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण..
दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केरबना में आयोजित सामुदायिक भवन भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने क्षेत्र के विकास, सिंचाई सुविधाओं और आवास योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी दो से तीन वर्षों में पथरिया विधानसभा का कोई भी गांव ऐसा नहीं बचेगा, जहां खेतों तक पानी न पहुंचे या सिंचाई की सुविधा उपलब्ध न हो।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश देता है और लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि ग्राम केरबना में अब तक 350 प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं, जबकि 824 पात्र हितग्राहियों के नाम आवास सूची में जोड़े गए हैं। अगले तीन वर्षों में सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए राज्यमंत्री ने बताया कि पथरिया विधानसभा क्षेत्र में पहले से चार बड़े डैम बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनसे किसानों को सिंचाई का लाभ मिल रहा है। हाल ही में 122 करोड़ रुपये की लागत से एक नए बैराज निर्माण का भूमिपूजन भी किया गया है। इसके अलावा साजिली, जूड़ी, पंचमनगर और सीतानगर में डैम निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि लगभग 42 से 43 गांवों की 20 हजार हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पांचवें डैम ‘दुनय धाम’ परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा इसकी घोषणा की जा चुकी है और परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि आगामी ठंड के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद पथरिया विधानसभा प्रदेश की पहली ऐसी विधानसभा बन सकती है, जहां 100 प्रतिशत कृषि भूमि सिंचाई सुविधाओं से जुड़ी होगी।
कार्यक्रम में पंडित नरेंद्र व्यास, कपिल शुक्ला, जनपद अध्यक्ष मंगल कुशवाह, बद्री विश्वकर्मा, अरविंद पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


More Stories
जिला अस्पताल में एक्सपायरी दवा मिलने का आरोप, कलेक्टर से शिकायत..
पथरिया को स्वास्थ्य सुविधा और किसानों को राहत की सौगात, राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से दो बड़ी उपलब्धियां..
पथरिया में आज लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मेगा शिविर, 44 टीमें करेंगी गांव-वार डिजिटल निरीक्षण..