17 वर्षीय बालिका के सिर में मिला इस्तेमाल किया हुआ कारतूस, हालत गंभीर..
छत पर सो रही थी किशोरी, दमोह जिला अस्पताल में चल रहा उपचार; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच..
दमोह। पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बनौली गांव की 17 वर्षीय किशोरी के सिर में इस्तेमाल किया हुआ कारतूस मिलने से सनसनी फैल गई है। गंभीर हालत में किशोरी को दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सपना रैकवार (17 वर्ष), पिता स्वर्गीय फग्गू रैकवार, निवासी बनौली गांव, सिमरिया (जिला पन्ना) शुक्रवार रात अपने घर की छत पर सो रही थी। परिजनों के मुताबिक रात के दौरान वह अचानक उठी और सिर में तेज दर्द व चोट लगने की शिकायत की। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों को किशोरी के सिर में गंभीर चोट दिखाई दी। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसके सिर से एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस बरामद किया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद अस्पताल परिसर और परिजनों में हड़कंप मच गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार किशोरी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। बताया गया है कि सपना के माता-पिता का निधन हो चुका है और वह अपने अन्य परिजनों के साथ रहती है।
घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कारतूस सिर में कैसे पहुंचा और चोट किन परिस्थितियों में लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमोह और पन्ना पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना रहस्य बनी हुई है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



More Stories
आरईएस कार्यालय में कर्मचारी से मारपीट, ठेकेदार से जुड़े व्यक्ति पर आरोप; कर्मचारियों ने की एफआईआर की मांग..
सीतानगर बड़ीशाला मंदिर से श्रीराम-जानकी की प्रतिमा गायब, महंत ने एसपी को सौंपा ज्ञापन..
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक जयंत मलैया ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजनों से किया संवाद..