तेंदूखेड़ा में ऑटो मोबाइल दुकान में भीषण आग, 10 से 12 लाख का नुकसान..

Spread the love

तेंदूखेड़ा में ऑटो मोबाइल दुकान में भीषण आग, 10 से 12 लाख का नुकसान

दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा नगर में रविवार देर शाम एक ऑटो मोबाइल दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना जबलपुर-दमोह रोड स्थित मनीष साहू की ऑटो मोबाइल एजेंसी में हुई, जहां अचानक आग भड़कने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन दुकान में रखे ऑयल, ग्रीस और स्पेयर पार्ट्स के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग पर काबू पाने के दौरान फायर ब्रिगेड की एकमात्र गाड़ी का पानी भी खत्म हो गया, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने तेंदूखेड़ा में कम से कम दो फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

जांच के बाद रिपोर्ट राज्य शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर पीड़ित व्यापारी को राहत सहायता दिए जाने की संभावना है।पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

About The Author