हाइडेलबर्ग सीमेंट नरसिंहगढ़ प्लांट में 10 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान का भव्य समापन..

Spread the love

हाइडेलबर्ग सीमेंट नरसिंहगढ़ प्लांट में 10 दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान का भव्य समापन

‘क्लाइमेट एक्शन’ थीम पर हुए कार्यक्रमों में ग्रामीणों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और संरक्षण का लिया संकल्प

दमोह। हाइडेलबर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड के नरसिंहगढ़ प्लांट में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित दस दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान का भव्य एवं सफल समापन समारोह आयोजित किया गया। यूनिट हेड के नेतृत्व तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सागर के क्षेत्रीय अधिकारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संचालित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

“क्लाइमेट एक्शन” थीम पर आधारित इस अभियान के दौरान वृक्षारोपण, जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम एवं ग्रामीण जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया। दस दिनों तक चले कार्यक्रम में बच्चों, महिला समूहों, कर्मचारियों, श्रमिकों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के अंतर्गत दमोह जिले के विभिन्न गांवों में घर-घर संपर्क कर लोगों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

समापन समारोह में आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूनिट हेड ने सभी कर्मचारियों एवं श्रमिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की सफलता में हाइडेलबर्ग सीमेंट के कर्मचारियों, श्रमिकों, परिवारजनों, ग्रामवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पर्यावरण प्रमुख डॉ. अशोक तिवारी ने वरिष्ठ प्रबंधन के मार्गदर्शन तथा भारत सरकार के पर्यावरण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरे अभियान का सफल संचालन किया।

इस अवसर पर हाइडेलबर्ग सीमेंट की पथरिया माइंस एवं इमलाई ग्राइंडिंग यूनिट में भी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों इकाइयों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने बड़ी संख्या में पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। नरसिंहगढ़ प्लांट, पथरिया माइंस और इमलाई ग्राइंडिंग यूनिट द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इन गतिविधियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन एवं सतत जीवनशैली अपनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सफल आयोजन के लिए फैक्ट्री प्रबंधन एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author