स्मार्ट गांव पड़रिया थोबन पहुंचकर सीईओ फुलपगारे ने सराहे ग्रामीणों के नवाचार..

Spread the love

स्मार्ट गांव पड़रिया थोबन पहुंचकर सीईओ फुलपगारे ने सराहे ग्रामीणों के नवाचार

होमस्टे व्यवस्था और ग्राम विकास मॉडल का किया अवलोकन, तमूरा वाद्य यंत्र का भी लिया आनंद

दमोह। जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने गत दिवस विकासखंड जबेरा अंतर्गत स्मार्ट गांव पड़रिया थोबन का भ्रमण कर वहां संचालित गतिविधियों, होमस्टे व्यवस्था और ग्राम विकास के नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक बताया।

भ्रमण के दौरान सीईओ श्री फुलपगारे ने गांव में संचालित होमस्टे का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा कर जाना कि किस प्रकार सामूहिक प्रयासों से गांव को एक विशेष पहचान दिलाई गई है। उन्होंने युवा ग्रामीण विनोद बाजपेई एवं अजय बाजपेई सहित अन्य ग्रामवासियों से संवाद कर विकास की इस यात्रा के अनुभव साझा किए और उनके योगदान की प्रशंसा की।

गांव भ्रमण के दौरान उन्होंने स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने वाले पारंपरिक तमूरा वाद्य यंत्र का आनंद भी लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा संस्कृति संरक्षण के साथ-साथ विकास और रोजगार के नए अवसरों का सृजन सराहनीय है।

सीईओ श्री फुलपगारे ने ग्रामवासियों द्वारा किए गए नवाचारों और गांव की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण पर्यटन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी प्रभु शंकर पांडेय, आजीविका मिशन जबेरा के ब्लॉक प्रबंधक धर्मेंद्र मिश्रा, सहायक ब्लॉक प्रबंधक दीपक सोनी, प्रधानमंत्री आवास योजना समन्वयक विकास मिश्रा, संतोष बाजपेई, अंशुल बाजपेई सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

About The Author