दमोह में 12 से 18 जून तक जनकल्याणकारी शिविरों की श्रृंखला, हितग्राहियों का होगा पंजीयन और लंबित आवेदनों का निराकरण
जिले के आठ स्थानों पर लगेंगे शिविर, स्कूलों में पर्यावरण, जैव विविधता और योग से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
दमोह। जिले में आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 12 से 18 जून तक विभिन्न जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में जनकल्याणकारी शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 जून को तेंदूखेड़ा, 13 जून को पथरिया, 15 जून को बटियागढ़ एवं जबेरा, 16 जून को हटा एवं पटेरा तथा 18 जून को दमोह एवं हिंडोरिया में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से दी जाएगी।
इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर भी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 16 जून को सभी विद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता के तहत चित्रकला, निबंध और रैली कार्यक्रम होंगे। 18 जून को हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में जैव विविधता विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि 19 जून को विद्यार्थियों के लिए पशु-पक्षियों की आवाज आधारित मिमिक्री प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के सहयोग से 19 जून को ग्राम कुवरपुर (हटा) तथा 20 जून को ग्राम सिंहपुर (दमोह) में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयुष चिकित्सालय दमोह में सुबह 7 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों एवं आयुष चिकित्सालयों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लें तथा विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।



More Stories
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक जयंत मलैया ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजनों से किया संवाद..
शोभानगर चोरी का खुलासा: 95 हजार के जेवरात बरामद, एक आरोपी और दो नाबालिग पकड़े गए..
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, राज्यमंत्री लखन पटेल बोले— ऐतिहासिक फैसलों ने बदली देश की दिशा और दशा..