सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 31 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस..

Spread the love

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 31 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस..

दमोह। जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले की मासिक ग्रेडिंग संतोषजनक नहीं रहने और शिकायतों के समयबद्ध समाधान में कमी पाए जाने पर 31 विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।


कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निराकरण कर प्रतिवेदन दर्ज कराने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इसके कारण कई शिकायतें लंबित रहकर उच्च स्तर तक पहुंच रही हैं, जिससे जिले की समग्र रैंकिंग और ग्रेडिंग प्रभावित हो रही है।


नोटिस प्राप्त करने वालों में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, कृषि विभाग, बैंकिंग संस्थानों, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।


कलेक्टर यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित अधिकारी तीन दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं या सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित कर सक्षम प्राधिकारी को भेजी जाएगी।


सूचना पत्र में कहा गया है कि शिकायतों के निराकरण में उदासीनता और स्वेच्छाचारिता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।


प्रशासन की इस कार्रवाई को सीएम हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन और जन शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author