लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, एसपी आनंद कलादगि ने ली अपराध समीक्षा बैठक..

Spread the love

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, एसपी आनंद कलादगि ने ली अपराध समीक्षा बैठक..


दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित अपराध, मर्ग, शिकायतों और गुम इंसान संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


एसपी ने थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी, मर्ग प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा शिकायतों का समय-सीमा में निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान और सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर में नियमित एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली, निगरानी बदमाशों पर कार्रवाई, राहवीर योजना तथा कानून-व्यवस्था संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसपी ने निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी एवं एसडीओपी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए।
संपत्ति संबंधी अपराधों में पतारसी एवं बरामदगी के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश देते हुए उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने वालों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने को कहा। साथ ही सक्रिय अपराधियों और आदतन बदमाशों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी तथा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

एसपी ने सभी अधिकारियों से आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

About The Author