बाल श्रम निषेध दिवस पर कार्यशाला आयोजित, बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लिया संकल्प..
दमोह। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के जनसुनवाई कक्ष में श्रम विभाग एवं संकल्प समाजसेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बाल श्रम एवं बाल विवाह मुक्त भारत विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने बाल श्रम से संबंधित कानूनों, बाल संरक्षण के प्रावधानों तथा बाल विवाह रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज और प्रशासन दोनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बाल श्रम की विभिन्न श्रेणियों, उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और दोषियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। साथ ही उपस्थित लोगों को बाल श्रम में लिप्त बच्चों की पहचान कर उनके रेस्क्यू एवं पुनर्वास में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनके माध्यम से बच्चों को शिक्षा और संरक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है। संकल्प समाजसेवी संस्था के देवेंद्र दुबे ने संस्था द्वारा बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दीपक तिवारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक संजीव मिश्रा, श्रम अधिकारी सुश्री आशा सहित विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रजनी ठाकुर, समाजसेवी संगीता श्रीधर, बाल कल्याण समिति सदस्य रश्मि वर्मा, भारत विकास परिषद की किरण गोस्वामी, सुजात खान, टीआई अमित मिश्रा, दीपक सेन, एल.एन. वैष्णो, मनीष सोनी, विनय असाटी, धीरज अहिरवार, संजय शर्मा, सौरभ पोराणिक, जाशिद खान, मनोज रजक और रोशन प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने बाल विवाह मुक्त दमोह जिला बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी खुशबू तिवारी ने किया।



More Stories
आरईएस कार्यालय में कर्मचारी से मारपीट, ठेकेदार से जुड़े व्यक्ति पर आरोप; कर्मचारियों ने की एफआईआर की मांग..
राजस्व मामलों में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर, कहा- स्पष्ट और गुणवत्तापूर्ण हों आदेश..
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 31 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस..