नाबालिग प्रेमिका से बात कराने की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा किशोर, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा..
दमोह। जिले के बटियागढ़ विकासखंड के नीमखेड़ा गांव में एक नाबालिग किशोर प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। गुजरात में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से बातचीत और शादी की जिद को लेकर किशोर देर रात टॉवर पर चढ़ा रहा, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार किशोर कुछ समय पहले गुजरात में मजदूरी करने गया था, जहां उसकी एक नाबालिग लड़की से जान-पहचान हुई। किशोर का कहना है कि दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया, जिसके बाद संपर्क पूरी तरह टूट गया। इससे परेशान होकर वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और लड़की से बात कराने की मांग करने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, रजपुरा थाना प्रभारी शिलास विनीत तथा ग्राम सरपंच महेंद्र कटारे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों ने कई घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद गुरुवार सुबह किशोर सुरक्षित नीचे उतर आया।
अधिकारियों ने किशोर को समझाया कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं, इसलिए वर्तमान में कानूनी रूप से विवाह संभव नहीं है। उसे बालिग होने तक इंतजार करने तथा परिजनों से बातचीत कर उचित तरीके से आगे बढ़ने की सलाह दी गई।
पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..