दमोह हाईवे पर मौत का तांडव: बस-कार की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक जबलपुर रेफर
दमोह। दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जबेरा थाना क्षेत्र के पुरेनहाउ पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां आई-20 कार और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आई-20 कार कटनी से सागर-शाहगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि यात्री बस जबलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुरेनहाउ के पास दोनों वाहनों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए।
हादसे में अखिलेश प्रजापति, माया प्रजापति और मुकेश प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रीना प्रजापति और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रीना प्रजापति को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर कर दिया गया, जबकि चालक का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, जबेरा थाना प्रभारी विकास चौहान एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और कटनी से अपने घर लौट रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय रहे। एसडीएम तेंदूखेड़ा और तहसीलदार जबेरा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और मृतकों की जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा के सीबीएमओ डॉ. डी.के. राय ने बताया कि तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी, जबकि एक घायल को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..