पंडित माधवराव सप्रे के विचार आज भी नई पीढ़ी को करते हैं प्रेरित: राज्यमंत्री लखन पटेल..

Spread the love

पंडित माधवराव सप्रे के विचार आज भी नई पीढ़ी को करते हैं प्रेरित: राज्यमंत्री लखन पटेल..

155वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि संकाय शुरू होने की घोषणा, विद्यार्थियों में उत्साह..

दमोह। हिंदी साहित्य के महान पुरोधा एवं क्षेत्र के गौरव पंडित माधवराव सप्रे की 155वीं जयंती के अवसर पर पथरिया स्थित माधवराव सप्रे शासकीय महाविद्यालय में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित माधवराव सप्रे ने न केवल हिंदी भाषा और साहित्य को नई दिशा प्रदान की, बल्कि अन्य भाषाओं में भी अपनी विद्वता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी वाचन और अनुवाद के क्षेत्र में सप्रे जी का योगदान अविस्मरणीय है। उनका अधिकांश जीवन रायपुर में बीता, लेकिन उनका जन्म और प्रारंभिक जीवन पथरिया की धरती पर हुआ, जो क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। इसी सम्मान के तहत महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा गया है।

जिले के पांच संस्थानों में शुरू होगा कृषि संकाय..

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री श्री पटेल ने विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए बताया कि जिले में कृषि शिक्षा के विस्तार के लिए पांच संस्थानों में कृषि संकाय प्रारंभ करने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले कृषि संकाय केवल दमोह और हटा में संचालित था, लेकिन अब पथरिया, तेंदूखेड़ा, दमोह तथा हटा के विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं स्तर पर कृषि संकाय शुरू किया जाएगा। आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी..

कृषि संकाय प्रारंभ होने की घोषणा से विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का मानना है कि इससे ग्रामीण एवं कृषि प्रधान क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी और व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा, महेश पटेल, एसडीएम निकेत चौरसिया, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

About The Author