हटा में मेडिकल स्टोर्स पर प्रशासन की सख्ती, जांच में मिलीं कई अनियमितताएं..
फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, दवा रिकॉर्ड अधूरे; खाद्य एवं औषधि विभाग देगा नोटिस..
दमोह। जिले में दवा दुकानों की कार्यप्रणाली पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने हटा नगर में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर प्रताप नारायण के निर्देशानुसार 19 जून को अनुभागीय अधिकारी हटा के निर्देशन में गठित जांच दल ने नगर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। जांच दल में जिला औषधि निरीक्षक महिमा जैन भी शामिल रहीं।
टीम ने हॉस्पिटल के पास संचालित सोमी केमिस्ट, कल्प मेडिकल स्टोर, आनंद मेडिकल स्टोर एवं बजरंग मेडिकल का निरीक्षण किया। वहीं श्री बजरंग मेडिकल, सरकार मेडिकल और अध्या श्री मेडिकल (चंडीजी वार्ड) निरीक्षण के समय बंद पाए गए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स के ड्रग लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, शेड्यूल दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, साफ-सफाई व्यवस्था, एक्सपायरी दवाओं के प्रबंधन तथा प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई।
जांच में कुछ मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, जबकि कई दुकानों में दवाओं के खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड अधूरे पाए गए। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा संबंधित मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
जिला औषधि निरीक्षक महिमा जैन ने बताया कि यदि संबंधित संचालकों द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मेडिकल व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। वहीं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं नियमानुसार दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



More Stories
दमोह जिला अस्पताल में गर्भवती को नहीं मिली एम्बुलेंस, निजी वाहन से जबलपुर रेफर; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल..
जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर राज्यमंत्री लोधी ने अधिकारियों को दिए निर्देश..
हिण्डोरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 25 पेटी अवैध शराब जब्त..हिण्डोरिया पुलिस की बड़ी सफलता, पुणे से दस्तयाब हुई नाबालिग..