नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, 1147 परीक्षार्थी होंगे शामिल
दमोह। जिले में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सुचारु और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने शहर के तीनों परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1147 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अभिभावकों के लिए टेंट और पेयजल की व्यवस्था..
परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर टेंट लगाए जा रहे हैं। यहां बैठने की व्यवस्था के साथ चाय-पानी की ऑन-पेमेंट सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वहीं विद्यार्थियों के लिए लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना सुबह 11:30 बजे से प्रारंभ होगा और दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इस वर्ष परीक्षा अवधि में 15 मिनट की वृद्धि भी की गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम..
परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा प्रत्येक कक्ष की नंबरिंग और कंट्रोल रूम व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है।
पुलिस बल रहेगा तैनात..
पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि ने बताया कि तीनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कलेक्टर के साथ किया गया, जिसमें सिटी सुपरिटेंडेंट, सेंटर सुपरिटेंडेंट और सिटी कोऑर्डिनेटर्स भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



More Stories
मासूम की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट: सल्फास के उपयोग में बरतें सावधानी, लापरवाही बन सकती है जानलेवा..
रामपुर हत्याकांड: फरार आरोपी भूरा उर्फ इमरत रैकवार गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय में किया पेश..
किसानों को बड़ी राहत: अब प्लास्टिक के डिब्बों में मिल सकेगा 200 लीटर तक डीजल..