नशा विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, बुलेरो से अवैध शराब बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार..
पटेरा में भगवती मानव कल्याण संगठन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, वाहन सहित लाखों का माल जब्त..
पटेरा/दमोह। नशा विरोधी जन आंदोलन के तहत भगवती मानव कल्याण संगठन एवं पटेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक बुलेरो वाहन को पकड़कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बुलेरो वाहन में अवैध शराब लेकर पटेरा से ग्राम बर्रट की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं ने पटेरा पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद संयुक्त रूप से घेराबंदी की गई।
पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं ने ग्राम विलगुवां नरवा के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 24 केन बीयर, 12 कांच की बीयर तथा 144 पाव लाल मसाला शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बुलेरो वाहन क्रमांक एमपी 17 सीजी 2402 को भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने वाहन में सवार मिन्नू रैकवार निवासी हटा, आशिक खान निवासी पटेरा तथा विक्की अहिरवार निवासी सैलवाड़ा थाना तेंदूखेड़ा से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संगठन द्वारा समय-समय पर प्रशासन को सूचनाएं उपलब्ध कराकर कार्रवाई में सहयोग किया जा रहा है। पटेरा क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।



More Stories
राजनगर तालाब में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका..
एसपी आनंद कलादगि के निर्देशन में पुलिस कर्मियों ने किया योग, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प..
अवैध उत्खनन से छलनी हो रहा दमोह, शिकायतों के बावजूद खनिज विभाग मौन..