28 से 30 जून तक चलेगा विशेष पल्स पोलियो अभियान, तैयारियों की समीक्षा..
कलेक्टर बोले- यह केवल दो बूंद दवा नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प..
दमोह। जिले में 28 से 30 जून तक विशेष पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति (डीटीएफ) की बैठक कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न सहयोगी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने अभियान के पहले दिन 28 जून को अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो बूथों तक लाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियोरोधी दवा पीने से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाए होंगे। उन्होंने अभियान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय पर पूरा कराने तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
अभियान के तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार, सार्वजनिक स्थलों, ईंट भट्टों तथा सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विशेष पोलियो बूथ और मोबाइल टीमें तैनात की जाएंगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य जिले के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा, “यह केवल दो बूंद दवा नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।”
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर उन्हें गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की अपील की है।



More Stories
हटा में मेडिकल स्टोर्स पर प्रशासन की सख्ती, जांच में मिलीं कई अनियमितताएं..
दमोह जिला अस्पताल में गर्भवती को नहीं मिली एम्बुलेंस, निजी वाहन से जबलपुर रेफर; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल..
जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर राज्यमंत्री लोधी ने अधिकारियों को दिए निर्देश..