राजनगर तालाब में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका..
दमोह। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित राजनगर तालाब में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानते हुए आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार सोमवार को राजनगर तालाब में एक युवती का शव तैरता हुआ मिलने की सूचना पर देहात थाना पुलिस एवं जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। तालाब से शव निकालकर उसकी पहचान सत्या निषाद (निवासी रंगनाथ थाना क्षेत्र, कटनी) के रूप में की गई। पुलिस को घटनास्थल के पास युवती की स्कूटी एवं अन्य सामान भी मिला है। बताया गया है कि युवती के लापता होने की रिपोर्ट पूर्व में कटनी के संबंधित थाने में दर्ज थी।
इसी दौरान तालाब में एक युवक के डूबने की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अनमोल मुड़ा (निवासी इंदिरा कॉलोनी, दमोह) का शव भी बरामद कर लिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए। कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।
मौके पर चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एएसआई अभय सिंह, आरक्षक रूपेश सहित एसडीईआरएफ और पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है और इसी कारण आत्महत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..