दमोह पुलिस का रात्रि कॉम्बिंग अभियान, 65 वारंटियों पर कार्रवाई..
100 से अधिक गुंडा और निगरानी बदमाशों की जांच, कई मामलों में वैधानिक कार्रवाई..
दमोह। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों, निगरानी एवं गुंडा बदमाशों, आदतन अपराधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। उनके निवास स्थलों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान में 23 स्थायी वारंट और 42 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। वहीं 64 गुंडा बदमाशों और 36 निगरानी बदमाशों की जांच की गई। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के 29 तथा सट्टा अधिनियम के 7 प्रकरण दर्ज किए गए।
भरण-पोषण अधिनियम से जुड़े मामलों में 2 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट तामील किया गया। वहीं बीएनएसएस की धारा 126(बी)/135(3) और 170 के तहत 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
दमोह पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए अपराधियों, वारंटियों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



More Stories
छात्र राजनीति से उभरकर आए प्रमोद विश्वकर्मा को मिली भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी..
ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई, 35 किलो गांजा के साथ उड़ीसा के तीन तस्कर गिरफ्तार..
मेनका गांधी पर एफआईआर की मांग, जैन समाज ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन..