अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love


अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार..


पुरानी रंजिश और अपमान का बदला लेने के लिए युवक की चाकू मारकर की थी हत्या, हथियार और वाहन जब्त…

(दमोह)। हिण्डोरिया पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार 23 जून को सूचना प्राप्त हुई थी कि वार्ड क्रमांक-7 हिण्डोरिया स्थित अब्दुल रज्जाक के किराए के मकान के एक कमरे में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान बुच्ची उर्फ आमिर खान (28 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-7 हिण्डोरिया के रूप में की।


घटनास्थल के निरीक्षण में मृतक की दोनों जांघों पर चाकू के गंभीर घाव तथा शरीर पर खून के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक के भाई इरशाद खान की रिपोर्ट पर थाना हिण्डोरिया में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक के संपर्कों, गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच में पता चला कि घटना से पूर्व गोप तलैया के पास मृतक का रामजी ठाकुर, पवन ठाकुर, शेर खान और चंदन सिंह के साथ विवाद हुआ था।


पुलिस ने संदेह के आधार पर चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक और रामजी ठाकुर के बीच पुरानी रंजिश थी। 22 जून की रात हुए विवाद के दौरान मृतक ने रामजी को थप्पड़ मार दिया था, जिससे वह अपमानित महसूस कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर चारों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रात करीब एक बजे मृतक के कमरे पर पहुंचकर हमला किया, जहां रामजी ठाकुर ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।


पुलिस ने मामले में आरोपी रामजी ठाकुर (20), पवन ठाकुर (22), शेर खान (22) और चंदन सिंह (20) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू, एक सफेद रंग की होंडा ट्विस्टर मोटरसाइकिल, घटना के समय पहनी गई शर्ट तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर, हिण्डोरिया थाना पुलिस तथा साइबर सेल टीम ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author