डेटा एनालिसिस से पकड़ी गई पेट्रोल पंपों की गड़बड़ी, 20 टीमों की जांच में खुलीं अनियमितताएं..
दमोह। जिले में पेट्रोल पंपों पर हो रही संभावित अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर पेट्रोल पंपों की बिक्री का डेटा एनालिसिस कराया गया, जिसमें 20 ऐसे पेट्रोल पंप चिन्हित हुए जिनकी बिक्री में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने एक साथ 20 जांच दल गठित कर संबंधित पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कराया।
जांच के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक और बिक्री के आंकड़ों में गंभीर विसंगतियां सामने आईं। एक पेट्रोल पंप पर करीब 4000 लीटर अतिरिक्त डीजल पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।प्रशासन
के अनुसार यह अतिरिक्त स्टॉक बिक्री रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था, जिससे हेराफेरी की आशंका व्यक्त की जा रही है। जब्त डीजल को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अन्य कुछ पेट्रोल पंपों पर भी स्टॉक में अंतर मिलने पर संबंधित तेल कंपनियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने डीजल आपूर्ति संबंधी व्यवस्था में राहत दी है। अब किसान प्रतिदिन 200 लीटर तक डीजल केन में प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और भविष्य में भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।



More Stories
अवैध खनन पर सख्ती, कार्ययोजना बनाकर करें प्रभावी कार्रवाई : कलेक्टर यादव..
अवैध उत्खनन से छलनी हो रहा दमोह, शिकायतों के बावजूद खनिज विभाग मौन..
मासूम की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट: सल्फास के उपयोग में बरतें सावधानी, लापरवाही बन सकती है जानलेवा..