मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: दमोह से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन रवाना
750 श्रद्धालुओं को मिली एसी ट्रेन से तीर्थ यात्रा की सौगात, राज्यमंत्रियों, सांसद और विधायक ने दिखाई हरी झंडी
दमोह। मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत शुक्रवार को दमोह रेलवे स्टेशन से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए विशेष तीर्थदर्शन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे की मौजूदगी में लगभग 750 श्रद्धालु पवित्र तीर्थयात्रा पर रवाना हुए। स्टेशन परिसर धार्मिक उत्साह, जयघोष और श्रद्धालुओं के उल्लास से गूंज उठा।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें तीर्थदर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल यात्रा नहीं, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान, सेवा और उनकी धार्मिक भावनाओं को सशक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूरी ट्रेन वातानुकूलित (एसी) है, जिससे बुजुर्ग यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यात्रा के दौरान भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से सरकार पात्र वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तीर्थयात्रा का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान चिकित्सकों की टीम, सुरक्षा के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक समन्वय हेतु तहसीलदार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक यात्री सुरक्षित, स्वस्थ और संतोषजनक यात्रा पूरी कर सकुशल अपने घर लौटे।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास को नई गति मिली है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या और महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी बांदकपुर धाम कॉरिडोर के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को अपनी आस्था से जोड़ना भी है। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बुजुर्गों का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है।
विधायक जयंत मलैया ने कहा कि यह योजना बुजुर्गों के सम्मान और उनकी आस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का यह प्रयास समाज के उन लोगों के लिए बड़ी सौगात है, जो आर्थिक कारणों से तीर्थयात्रा नहीं कर पाते थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस योजना से ऐसे बुजुर्गों को तीर्थदर्शन का अवसर मिल रहा है, जो आर्थिक, सामाजिक अथवा पारिवारिक कारणों से वर्षों से अपनी धार्मिक इच्छा पूरी नहीं कर सके थे। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना को जनकल्याणकारी बताया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, उनके परिजन, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गोपाल पटेल, गौरव पटेल, राघवेंद्र सिंह परिहार, संजय सेन, संजय यादव, रामेश्वर चौधरी, जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, महेश पटेल, अखिलेश हजारी, भरत यादव, कपिल शुक्ला, विनीता कुलस्ते, देवकीनंदन पटेल, जुगल अग्रवाल, कविता राय, कृष्णा राज, अमित त्यागी, संजय पटेल, जय सिंह, वर्षा रैकवार, रितु पांडे, रमाकांत बाजपेई, बृजेश सिंह लोधी, सतपाल सिंह, रिंकू गोस्वामी, वेद प्रकाश दुबे, दीपक मिश्रा, सृजन असाटी, शिवेंद्र तिवारी, कृष्णा पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम सौरभ गंधर्व, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, तहसीलदार रॉबिन जैन, तहसीलदार उमेश तिवारी, नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।



More Stories
छात्रावास की छत का प्लास्टर गिरा, आठ छात्राएं घायल; वार्डन निलंबित..
दमोह पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान जारी, गांव-गांव पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश..
ऑपरेशन क्लीन बेलाताल का 15वां दिन: 18 ट्रॉली कचरा निकला, अब अंतिम 5 दिनों का संकल्प..