छात्रावास की छत का प्लास्टर गिरा, आठ छात्राएं घायल; वार्डन निलंबित..
राजाबंदी कन्या छात्रावास में हादसे के बाद प्रशासन सख्त, जर्जर भवनों की जांच के आदेश..
दमोह। जिले के पटेरा विकासखंड अंतर्गत संचालित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास, राजाबंदी में गुरुवार को कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से आठ छात्राएं घायल हो गईं। हादसे में एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रावास की वार्डन रीता स्वामी तिवारी को निलंबित कर दिया है तथा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार छात्राएं कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थीं, तभी अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में आठ छात्राएं घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही हटा एसडीएम राकेश मरकाम, पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी सहित प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल छात्राओं का हालचाल जाना।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत छात्रावास की वार्डन रीता स्वामी तिवारी (प्राथमिक शिक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, दमोह निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा।
पटेरा स्वास्थ्य केंद्र के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. अभिषेक पटेल ने बताया कि हादसे में घायल सभी छात्राओं का उपचार किया गया। एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे सीटी स्कैन और एमआरआई के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई गई है और उन पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार छात्रावास भवन में इससे पहले भी दो बार प्लास्टर गिर चुका था, लेकिन उस समय विद्यालय बंद होने के कारण कोई छात्रा मौजूद नहीं थी। इस बार छात्राओं की मौजूदगी में हादसा होने से बड़ा नुकसान हुआ।
घटना के बाद प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों एवं छात्रावासों के जर्जर भवनों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पटेरा बीआरसी मुकेश गुजरे ने बताया कि सभी संस्थानों से भवनों की स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है और जिन कमरों की हालत जर्जर है, उनमें बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए हैं।
पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा गंभीर घायल छात्राओं को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


More Stories
दमोह में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, एक ही घर से दो रिश्तेदारों की नकदी और जेवर पार..
रानी अवंती बाई की 195वीं जयंती पर दमोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा..
दो वर्षों की स्वच्छता सेवा को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के मंच से टीम उम्मीद सम्मानित..