सेफ क्लिक 2.0 अभियान का आगाज, साइबर जागरूकता मैराथन से दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश..
दमोह। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस के ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत रविवार सुबह दमोह में साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। तहसील ग्राउंड से शुरू हुई मैराथन बेलाताल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्ट्रेट, स्टेडियम, किल्लाई नाका, बस स्टैंड और कीर्ति स्तंभ होते हुए पुनः तहसील ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।

मैराथन को सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया गया।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि साइबर अपराधों से सतर्क रहना समय की आवश्यकता है। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा साइबर ठगी होने पर बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और कई परिवार आर्थिक व मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने भी लोगों से साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने और पुलिस के जागरूकता अभियानों से जुड़ने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। अपराधी मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए नागरिकों को जागरूक करना सबसे जरूरी है। उन्होंने लोगों से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी डिजिटल लेनदेन से सावधान रहने तथा बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..