खजुराहो एयरपोर्ट पर उद्योगपति अनंत अंबानी के स्वागत को लेकर पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का बड़ा आरोप, राज्यपाल से की शिकायत..
दमोह। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने खजुराहो एयरपोर्ट पर उद्योगपति अनंत अंबानी के आगमन के दौरान छतरपुर कलेक्टर की मौजूदगी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने इसे प्रशासनिक मर्यादा और भारतीय प्रशासनिक सेवा के नियमों के विपरीत बताते हुए इस मामले की शिकायत राज्यपाल से की है तथा कलेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राजा पटेरिया ने कहा कि हाल ही में उद्योगपति अनंत अंबानी बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान छतरपुर कलेक्टर स्वयं एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
पटेरिया ने सवाल उठाया कि किसी उद्योगपति की निजी यात्रा के दौरान जिला कलेक्टर किस अधिकार और किस सरकारी आदेश के तहत एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए पहुंचे। यदि शासन द्वारा कोई विशेष निर्देश या प्रोटोकॉल जारी किया गया था तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि ऐसा कोई सरकारी आदेश नहीं था तो यह आचरण भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवा नियमों और प्रशासनिक निष्पक्षता की भावना के विपरीत है। उन्होंने राज्यपाल और मुख्य सचिव से इस पूरे मामले की जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
राजा पटेरिया ने सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज आम किसान और गरीब नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते हैं। उन्हें कलेक्टर से मिलने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता है, जबकि दूसरी ओर एक उद्योगपति के स्वागत के लिए जिला कलेक्टर स्वयं एयरपोर्ट पहुंच जाते हैं। उन्होंने इसे प्रशासन की दोहरी कार्यप्रणाली बताते हुए कहा कि इससे आम जनता में गलत संदेश जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन उद्योगपतियों के सामने नतमस्तक दिखाई दे रहा है, जबकि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। पटेरिया ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।
हालांकि, इस मामले में अभी तक छतरपुर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में कलेक्टर की मौजूदगी किन परिस्थितियों और किस प्रोटोकॉल के तहत रही, यह जांच और प्रशासनिक स्पष्टीकरण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



More Stories
सेफ क्लिक 2.0 अभियान का आगाज, साइबर जागरूकता मैराथन से दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश..
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: दमोह से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन रवाना..
छात्रावास की छत का प्लास्टर गिरा, आठ छात्राएं घायल; वार्डन निलंबित..