जिला पंचायत परिसर के पानी के टैंक में मिला सांपों का जोड़ा, एक का रेस्क्यू, दूसरे की तलाश जारी
दमोह। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में बने पानी के टैंक में सांपों का एक जोड़ा दिखाई दिया। टैंक में दोनों सांपों को तैरता देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सर्प विशेषज्ञ को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सांप पानी के टैंक में एक साथ दिखाई दिए। रेस्क्यू के दौरान एक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा सांप टैंक के भीतर ही कहीं छिप गया। इसके बाद काफी देर तक उसकी तलाश की जाती रही।
जिला पंचायत के कर्मचारी अनिल रैकवार ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे पानी के टैंक में दो सांप तैरते हुए दिखाई दिए। इसकी जानकारी तत्काल अधिकारियों और सर्प विशेषज्ञ को दी गई। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू दल ने अभियान चलाकर एक सांप को पकड़ लिया, जबकि दूसरा टैंक में छिप गया, जिसकी तलाश जारी है।
रेस्क्यू करने पहुंचे जितेंद्र नाथ ने बताया कि एक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह घोड़ा प्रजाति का सांप है। उनके अनुसार इस प्रजाति के सांप की पूंछ के अंतिम हिस्से पर नुकीला भाग होता है, जिसे स्थानीय लोग अक्सर “डंक” कहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।
घटना के बाद कुछ समय तक जिला पंचायत परिसर में कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ लगी रही। फिलहाल टैंक में छिपे दूसरे सांप की तलाश जारी है और कर्मचारियों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।



More Stories
बटियागढ़ पुलिस ने अवैध शराब से भरी कार पकड़ी, 13 पेटी देशी शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार..
स्पा सेंटर पर दमोह पुलिस की रेड, संचालक समेत 7 लोग गिरफ्तार..
मिशन अस्पताल केस में 30 हजार का इनामी फरार आरोपी गिरफ्तार..