बटियागढ़ पुलिस ने अवैध शराब से भरी कार पकड़ी, 13 पेटी देशी शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
बटियागढ़। दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर बटियागढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 13 पेटी देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर नारसिंहगढ़ के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बक्सवाहा की ओर से आ रही एक टाटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से करीब 13 पेटी देशी शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार चालक को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। शराब और कार को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बटियागढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।


More Stories
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..
जन्मदिन की पार्टी नहीं देने पर अधिवक्ता को भेजा रजिस्टर्ड नोटिस, 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग..
गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया मैंगनीज से भरा ट्रक, ड्राइवर के पैर फंसे..