नरसिंहगढ़ लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8.50 लाख रुपये के आभूषण, देशी कट्टा और बाइक बरामद..
चार बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर की थी 12.70 लाख रुपये की लूट, फरार आरोपियों की तलाश जारी..
दमोह। दमोह पुलिस ने नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, धारदार कटर सहित करीब 8.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात चौकी नरसिंहगढ़ अंतर्गत ग्राम सूखी पिपरिया निवासी विजय जैन ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच चार अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी सहित करीब 12.70 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना दमोह देहात पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और साइबर टीम की सहायता से भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
मामले के खुलासे के लिए करीब 30 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छह विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने जिला एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी और जांच के दौरान करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शंकर यादव एवं राहुल अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, एक बेंदी, दो सोने की अंगूठियां, दो चांदी की करधनी, एक चांदी की पायल, एक चांदी की चैन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 8.50 लाख रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



More Stories
आर्ट ऑफ लिविंग के हैप्पीनेस कोर्स का सफल समापन, प्रतिभागियों ने सीखी सुदर्शन क्रिया और तनावमुक्त जीवन की कला..
दतिया उपचुनाव में भाजपा का बड़ा फैसला, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार; नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा..
दमोह को ड्रग फ्री बनाने की मुहिम तेज, 15 जुलाई से शुरू होगा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान..